नगर के टाउन क्लब मैदान में रविवार को 35वीं अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। डीएमएकादश और मीडिया एकादश के बीच उद्घाटन मैच खेला गया। इसमें डीएम एकादश की टीम 15 रनों से विजेता रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीएम एकादश की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 145 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें अरविंद यादव ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 40 गेंद पर 2 छक्के और 10 चौके की मदद 69 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। मनोज ने 12 गेंद पर 22 रन का योगदान दिया। मीडिया मीडिया एकादश की ओर से गेंदबाजी करते हुए मु. शमीम अंसारी, प्रभात कुमार व धीरज ने 1-1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया एकादश की टीम निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 129 रनों पर ही सिमट गई। मीडिया एकादश की ओर से नीरज भाटिया ने 28 गेंद पर सर्वाधिक 47 रनों की पारी खेली। इसके अलावा प्रभात ने 37 व शमीम अंसारी ने 12 रन बनाए। प्रशासन की ओर से गेंदबाजी करते हुए अरविंद यादव ने 3, एसडीएम रमेश कुमार ने 2 और दिवाकर व धर्मेंद्र ने 1-1 विकेट हासिल किया। मैच में प्रशासन की ओर से 69 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले अरविंद यादव को मैन ऑफ दी मैच चुना गया। कमेंट्री सलीम खान व इरफान खिलाड़ी ने किया। अंत में मुख्य अतिथि विधायक हरिराम चेरो व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि ने दोनों टीमों को पुरस्कृत किया। संचालन सुनील जायसवाल व इरफान ने किया। आभार आयोजन कमेटी के अध्यक्ष सुमित सोनी ने जताया।