अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड़ चपकी में बुधवार को डीएम अभिषेक कुमार सिंह व सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने कोरोना टीकाकरण का उद्घाटन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं टीकाकरण कराएं और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डीएम अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग बगैर डर के टीका लगवाएं और आस पास के लोगों के लिए प्रेरणा बने। जिलाधिकारी ने टीकाकरण के दौरान टीका लगवाने वाले प्रथम महिला पुरूष को प्रमाण पत्र देकर अन्य लोगों को प्रेरित करने की अपील की। बुधवार को 18 से 44 वर्ष तक के 100 लोगों व 45 से उपर 25 लोगों को टीका लगा। सीएमओ ने कहा कि टीका पूर्ण रूप से सुरक्षित है, इसमें किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों पर ट्रायल किया जा चुका है। इसलिए सभी लोग टीका अवश्य लगवाएं। इस दौरान संरक्षक वीरेंद्र नारायण शुक्ल, आनंद प्रांत सह संगठन मंत्री, रामप्रकाश पांडेय, अमर देव पांडेय, डॉ. गिरधारी लाल, डॉ. दिशा गुप्ता, डॉ. गुलाब यादव, सौरभ कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।