सोनभद्र। निदेशालय की तरफ से गठित विशेष समिति ने दुद्धी के वार्ड संख्या तीन स्थित वृद्धा आश्रम की सोशल ऑडिट की। समिति के सदस्यों ने दो दिन संस्थान में निरीक्षण करते हुए लाभार्थियों का सत्यापन किया और संस्थान के अभिलेखों का परीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों एवं विशेषताओं पर विचार विमर्श करते हुए कार्य किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई की एक विशेष रिपोर्ट सोशल आडिट निदेशालय उत्तर प्रदेश के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली को प्रेषित की जाएगी। वृद्धा आश्रम की प्रोजेक्ट मैनेजर सविता सिंह ने बताया कि अभी आश्रम में 14 वृद्ध और 9 वृद्धा हैं।
जांच टीम ने कमरे में मनोरंजन के लिए टीवी लगाने और शौचालय में आने जाने के लिए पाइप लगाकर पकड़ने के लिए सहारा बनाए जाने सहित अन्य सुझाव दिए गए हैं। जांच टीम को भरोसा दिलाया कि यह सारी व्यवस्थाएं 24 घंटे के भीतर आश्रम में कर दी जाएंगी। जांच टीम के अधिकारी पूरी तरह आश्रम की व्यवस्था देखकर काफी संतुष्ट नजर आए और व्यवस्था के लिए प्रशंसा भी किया।