सोन नदी के तट पर हुए देव दीपावली महोत्सव में 11000 दीपों से मनमोहक सजावट की गई। राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव तिवारी, राजा सिंह, सुनील सिंह आदि की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम हुआ। वाराणसी से आए पुरोहितों ने सोन नदी की आरती की। घाट पर रंगोली से आकर्षक सजावट हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मोहक प्रस्तुति दी गई।
जरहा स्थित अजीरेश्वर धाम परिसर में स्थित सभी देवी देवताओं का भव्य श्रृंगार व मंदिर की सजावट की गई। 5100 दीपों से मंदिर परिसर, अजीर नदी के तट की सजावट की गई। साथ ही रिहंदेश्वर शिव मंदिर, बेड़ियां हनुमान मंदिर, दूदहिया माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दीप जलाकर देव दीपावली मनाई गई। इस अवसर पर प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर रंगोली बनाई।
सांस्कृतिक कमेटी के अतुल शर्मा, सुरेंद्र, अमित, युवक मंगल दल सेवकाडार व संघर्ष फ्रेंडस क्लब बखरिहवा ने सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर अजीरेश्वर धाम परमार्थ जन सेवा ट्रस्ट के न्यास कर्ता अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बघेल, आरके सिंह, त्रिभुवन नारायण सिंह, डाॅ. ब्रह्मजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
अनपरा नगर पंचायत के वार्ड 14 मालवीय नगर में अर्जुन छठ घाट कहुआनाला पर देव दीपावली मनाई गई। देव दीपावली पर्व पर समिति की तरफ से 11000 दीपक जलाए गए। अर्जुन छठ घाट सेवा समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय ने बताया कि समिति की तरफ से 11000 दिया, बत्ती, 100 ली तिल तेल की व्यवस्था की गई थी।
विंढमगंज के ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा में सतत वाहिनी नदी के तट पर निर्मित छठ घाट व भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में देव दीपावली पर्व पर सन क्लब सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष अमित कुमार केशरी के नेतृत्व में 11000 दीपक जलाए गए। पूरा छठ घाट व खेल मैदान दीपों से जगमग हो उठा।