राबर्ट्सगंज में फ्लाईओवर के नीचे सोमवार की शाम फोर्स की मौजूदगी में एसडीएम ने नाप-जोख कराया। इस दौरान राजमार्ग का निर्माण कार्य कराने वाली कंपनी द्वारा सर्विसलेन सड़क की जद में आने वाले कई मकान मालिकों से रजिस्ट्री कराकर मुआवजा न दिए जाने को लेकर नेताओं और कंपनी के अधिकारियों में नोकझोंक हुई।
शाम करीब पांच बजे बढ़ौली चौक के समीप ओवरब्रिज के नीचे पूरब दिशा में नाप-जोख शुरू हुई। कुछ भवन स्वामियों ने नाप का विरोध करते हुए कंपनी पर भूमि रजिस्ट्री करवा कर मुआवजा ने देने की बात कहीं तो मौजूद नेताओं ने कंपनी से जुड़े लोगों से अविलंब मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, भूपेश चौबे, धर्मवीर तिवारी, अनूप तिवारी, कांग्रेस नेता राजेश द्विवेदी, अमित चतुर्वेदी, गप्पू जायसवाल और संदीप सिंह चंदेल ने कहा कि राजमार्ग का निर्माण कार्य मानक और गुणवत्ता के विपरीत हो रहा है।
सपा सरकार के इशारे पर राजमार्ग का निर्माण कार्य करा रही कंपनी खनिज संसाधनों का दुरुपयोग कर अरबों रुपये राजस्व की चोरी की जा रही है। पुलिस के बल पर कंपनी जिन लोगों का मकान गिरा रही है उनको मुआवजा नहीं दे रही है।
इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि जब तक सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होता है तब तक टोल टैक्स वसूली बंद कराई जाए। एसडीएम ने नाराज नेताओं को उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने व पात्र व्यक्तियों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस मौके पर नपा के ईओ दिनेश यादव, मनीष अग्रहरि, गंगा सिंह, संदीप शुक्ला, धीरज सिंह, प्रमोद चौबे आदि मौजूद रहे।