घोरावल तहसील में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौपते भागीदारी संकल्प मंच के पदाधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
घोरावल। अपना दल (कमेरावादी) घोरावल विधानसभा इकाई के तत्वाधान में बुधवार को भागीदारी संकल्प मोर्चा ने मार्च निकालकर तहसील पर प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसीलदार विकास पांडेय को राष्ट्रपति के नाम संबोधित 21 सूत्रीय पत्रक सौंपा।
अपना दल के जिलाध्यक्ष सीडी सिंह पटेल व जनाधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्या के नेतृत्व में तहसीलदार विकास पांडेय को दिए ज्ञापन में कहा कि कृषि बिल वापस लिया जाए। इसके स्थान पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाए। समान शिक्षा लागू किया जाए और कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर पीड़ितों को न्याय मिले। किसानों को लागत मूल्य पर कृषि यंत्र, खाद, बीज, कीटनाशक, बिजली, डीजल उपलब्ध कराने, किसानों की उपज को खरीदने की गारंटी लागू करने, कृषि को उद्योग का दर्जा देने में सरकार आनाकानी कर रही है।
वहीं केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय संपत्तियों को निजी क्षेत्रों की कंपनियों को उद्योगपतियों को कौड़ियों के दाम बेचा जा रहा है जिससे राष्ट्र की अपूरणीय क्षति हो रही है। पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतें तत्काल वापस लें। हत्याओं एवं उत्पीड़न को रोका जाए। मजदूरों को व्यवस्थित होने के लिए 15 हजार रुपये एकमुश्त मिले। साढ़े सात हजार रुपये अगले 1 वर्ष तक प्रतिमाह दिए जाएं। छोटे मझले किसानों दुकानदारों व्यापारियों का कर्ज एवं बिजली का बिल माफ हो। मगरदहा एवं भैसवार गांव की चकबंदी में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों को जांच के बाद निलंबित करें। अवैध खनन की जांच कराकर लिप्त अधिकारियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। जिला उपाध्यक्ष गंगेश्वर सिंह पटेल, शिव कुमार पटेल, अशोक सिंह, मुन्ना पाल, शांति भारती, पवन पाल, भोला गुप्ता, सुरेश यादव, अमरावती, गुलाबी, दीप नारायण प्रजापति, शोभा बिंद समेत कई लोग उपस्थित रहे।