ओबरा के वीआईपी रोड पर प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : SONBHADRA
ओबरा। नगर के व्यापारियों ने नगर के वीआईपी रोड स्थित सुभाष चौराहे तक हो रहे सड़क चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य में मानक की अनदेखी का आरोप कार्यदायी संस्था पर लगाते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता आलोक भाटिया ने कहा कि इस सड़क मार्ग के किनारे लगभग डेढ़ मीटर चौड़ी और आधा मीटर गहरी मिट्टी की खोदाई करके उसमें भस्सी, बड़ी सोलिंग, बालू, सहित सीमेंट डालकर रोलिंग करना है। लेकिन कार्यदायी संस्था मानक की अनदेखी कर रात में कार्य कराते हुए सड़क के किनारे मात्र एक मीटर चौड़ी व 07 इंच गहरी खोदाई कर उसमे बड़ी सोलिंग की जगह छोटी गिट्टी व ज्यादा मात्रा में भस्सी डाल दिया जा रहा है सीमेंट व बालू का नामो निशान नहीं है। नगर के व्यापारियों सहित गणमान्य लोगों में कार्य को देखते हुए गहरा आक्रोश व्याप्त है। वहीं भाजपा सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। व्यापारी ओम प्रकाश तिवारी व राम चरन विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस मार्ग के मरम्मत में भारी अनियमितता बरती जा रही है। काफी दिनों बाद यह मार्ग बन रहा है गुणवत्ता पूर्ण कार्य नही होने से सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी। नगर के व्यापारियों ने जिला प्रशासन से जांच कर कार्यवाही करते हुए मानक के अनुसार कार्य कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में अन्वेश अग्रवाल, मुरली विश्वकर्मा, धीरज, राम प्रकाश, चारु खत्री, रामनाथ, आनंद मौजूद रहे।