सोनभद्र। आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रमेश गौतम के नेतृत्व में स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि फर्जी शराब घोटाले मामले में संजय सिंह को गलत फंसाया गया है। कहा कि आप नेता संजय ने मणिपुर हिंसा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने जैसे जघन्य अपराध के खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। वे लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों व समाज के कमज़ोर वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं और सरकार से सवाल पूछते रहे हैं। कहा कि उनके खिलाफ ये पूरा मामला फर्जी बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित है।
इसकी निष्पक्ष रूप से जांच कराई जाए। प्रदर्शन करने वालों में महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सुशीला वर्मा, प्रांत उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल, जिला महासचिव विमलेश पटेल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष त्योगी, जिला सचिव शिवम घमड़ी सिंह, केवल कुशवाहा, सुनील गौड़, राकेश भारती, प्रकाश चौरसिया, दिनेश पटेल, बृजेश आदि रहे।