जम्मू-कश्मीर में तीर्थ यात्रियों की बस पर आतंकी हमले के विरोध में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आतंकवाद का पुतला फूंककर नारेबाजी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
रॉबर्ट्सगंज में विहिप के जिलाध्यक्ष विद्या शंकर पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि आतंकियों ने तीर्थ यात्रियों की बस पर हमला कर कायराना हरकत की है। इसका सबक उन्हें सिखाया जाना चाहिए। प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में काशी प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद, धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी, अवधेश चौबे, अजय गुप्ता, दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, दुद्धी में तहसील मेन गेट पर विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का पुतला फूंका। कार्यकर्ता संकट मोचन मंदिर से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए तहसील मोड़ पर पहुंचे। एसडीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि आतंकी गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण पाने के लिए निर्णायक और कठोर कदम उठाने की जरूरत है। इस अवसर पर केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे, बजरंग दल के संयोजक विवेक नीरज, संदीप गुप्ता, पीयूष अग्रहरि, आलोक जायसवाल आदि मौजूद रहे।