सदर ब्लाक के छपका गांव में सड़क मरम्मत और नाली निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को रहवासियों ने प्रदर्शन किया। अफसरों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।
ब्लाक कार्यालय से सटे छपका गांव के लोगों का कहना था कि हल्की बारिश में भी जगह-जगह पानी भर जाता है। वर्षों पहले बनी सड़क टूटने के कारण गड्ढे राहगीरों के लिए दुर्घटना का सबब बन रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल शशिकला मोदनवाल का कहना था कि ग्राम प्रधान और जिला प्रशासन को सड़क मरम्मत और नाली निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन दिया जा चुका है लेकिन समाधान की कोई पहल नहीं गई। नाली निर्माण न होने से सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है। बारिश के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है। चेतावनी दी कि शीघ्र समस्या हल न कराई गई तो वह आंदोलन को उग्र रूप देने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में जितेंद्र कुमार, छेदीलाल, बृजेश, नेहा रघुवंशी, शशि, राधा, अशोक, चिंता, संध्या, छोटे, राकेश, सीमा, मनोज, पार्वती, ममता, स्नेहा, शनि आदि शामिल रहे।