संयुक्त बार संघ के अधिवक्ता एवं दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने दुद्धी को जिला बनाओ की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अवधनारायण यादव के अगुवाई में अधिवक्ता कोर्ट परिसर से दोपहर बाद दो बजे जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। एसडीएम गिरिजा शंकर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
संघर्ष मोर्चा के महासचिव प्रभु सिंह, प्रवक्ता दिनेश अग्रहरि ने कहा कि लखनऊ में मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया था कि दुद्धी को जिला बनाने पर अति शीघ्र निर्णय लेंगे। लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हो सका। कहा कि शासन की ओर से डीएम और एसपी को जनता की समस्याएं सुनने के लिए पिपरी में बैठा कर आंदोलन को शांत करने का प्रयास कर रहा है। कहा कि हमीरपुर, श्रावस्ती, शामली, बागपत, औरैया जैसे कम आबादी वाले क्षेत्रों को जिला बना दिया गया और करीब 14 लाख से अधिक आबादी वाले दुद्धी को शासन ने जिला का दर्जा नहीं दे रही है।
जनहित, विकास हित को देखते हुए दुद्धी को जिला बनाया जाना अति आवश्यक है। इस मौके पर दुद्धी बार संघ अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव, सिविल बार अध्यक्ष रामअजोर भारती, रामपाल जौहरी, विश्वनाथ गुप्ता, कुलभूषण पांडेय, सुनील, सुधीर आदि रहे।