तहसीलदार को हटाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौपते अधिवक्ता।
अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसीलदार के तत्काल स्थानांतरण के मांग को लेकर जुलूस निकाला और तहसील में पहुंचकर उनके खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार को तत्काल यहां से हटाने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता विरोध में न्यायिक कार्य से विरत भी रहे।
सभा में दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव व सिविल बार संघ के अध्यक्ष राम अजोर भारती ने कहा कि कई महीने पूर्व तहसीलदार का स्थानांतरण हो चुका हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने अब तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया। आरोप लगाया कि यहां पर पूर्व में भी नायब तहसीलदार के पद पर कार्य करते हुए पदोन्नति पाकर यहीं लंबे समय से तहसीलदार के पद पर रहकर तहसील में तमाम तरह की अनियमितताएं तथा भ्रष्टाचार करने में मशगूल हैं।
दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि अगर जिला प्रशासन शीघ्र तहसीलदार को यहां से नहीं हटाता है तो तहसील के राजस्व न्यायालयों का कार्य बहिष्कार करते हुए ताला बंद किया जाएगा। इस मौके पर सत्यनारायण यादव, मनोज तिवारी, संतोष, प्रेमचंद यादव, रामपाल जौहरी, रामप्रकाश सिन्हा, ओमप्रकाश मिश्रा, छोटेलाल, आशीष, दिलीप आदि रहे।