घोरावल। तहसील के ग्राम भैसवार में 38 साल से चल रही चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने लगाया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को मिर्जापुर में कमिश्नर बालकृष्ण त्रिपाठी को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा और जांच कराने की मांग की।
राष्ट्रीय संरक्षक राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, प्रदेश के प्रमुख महासचिव बजरंगी कुशवाहा और जिलाध्यक्ष बिरजू कुशवाहा ने कमिश्नर को ज्ञापन देकर बताया कि भैंसवार गांव में चकबंदी विभाग कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में काम कर रहा है। इसके चलते पूर्व जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ चकबंदी अधिकारियों के आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच हो तो चकबंदी में अनियमितता सामने आएगी। बताया कि भैंसवार गांव में किसान लगातार धरना दे रहे हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इस मौके पर जिला सचिव संजय यादव, मीडिया प्रभारी बृजेश कुमार सिंह, प्रदेश सचिव अखिलेश कुमार त्रिपाठी, कृष्णशंकर शुक्ला, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष धर्मदेव उपाध्याय, जिला सचिव परशुराम मिश्रा आदि मौजूद रहे।