प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मारकुंडी से दुपटीया होते हुए चेरुई और पल्हरी तक 31 किमी लंबे सड़क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। काम आधा हो चुका है, लेकिन इस मार्ग पर कई स्थानों पर बिजली के खंभे अब भी सड़क के बीचो-बीच खड़े हैं।
चेरुई गांव के पास लगभग 10 बिजली के खंभे सड़क के बीच में खड़े हैं। सड़क पर पेंटिंग कर उसे उपयोग में लाया जा रहा है, जो किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग और निर्माण कार्यदायी संस्था की लापरवाही से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। न तो बिजली विभाग ने खंभों को हटाया, न ही ठेकेदार द्वारा उन्हें सड़क से किनारे किया गया।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इन खंभों को नहीं हटाया गया, तो यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है, खासकर रात के समय या तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह खतरा और भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि इन खंभों को अविलंब हटाया जाए और सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए।
मामला संज्ञान में है। बिजली निगम को पोल शिफ्टिंग के लिए पत्र भेजा गया है। वार्ता भी की गई है। निगम की ओर से एनओसी मिल जाने पर पोल सड़क से हटाने को कहा गया है।
-प्रशांत यादव, एक्सईएन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना।