झारखंड के बंशीधर थाना अंतर्गत बेलासपुर तिराहे पर रविवार की रात ग्रामीणों ने करंट से मृत बिजली विभाग के संविदा कर्मी का शव रखकर रांची-रीवा एनएच पर चक्का जाम कर दिया। बिजली विभाग के जेई ने लिखित दो लाख मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की बात कही तब जाकर उनका गुस्सा शांत हुआ और जाम समाप्त किया।
बेलासपुर तिराहे पर रविवार की रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बंशीधर थाना व धुरकी थाना के इंस्पेक्टर व बिजली विभाग के जेई मौके पर पहुंचकर उचित मुआवजा दिलाने की बात कहने लगे लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने बताया कि नगर उटारी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी अशोक बियार (35) बिजली विभाग में संविदाकर्मी था। रविवार को मरम्मत के दौरान करंट से अशोक की मौत हो गई। आरोप है कि बिजली कर्मियों की लापरवाही से घटना हुई है। जाम लगाए लोगों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और बिजली विभाग के दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
बिजली विभाग के जेई ने लिखित आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को विभाग के तरफ से दो लाख की मुआवजा दिलवाया जाएगा और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलाने का प्रयास होगा जब जाकर जाम समाप्त हुआ। बंशीधर नगर के इंस्पेक्टर ने शव को अपने कब्जे में कर अंत्य परीक्षण हेतु भेजा। करीब तीन घंटे तक रांची रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम होने से बार्डर पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगाने वालों में अशोक, सोनू मौर्या, सगमा पूर्व जीप सदस्य नंदगोपाल यादव, बिरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, लक्ष्मण राम, ताराचंद यादव, पारसनाथ यादव जनता दल युवनाइटेड जिला अध्यक्ष, राजू प्रकाश बबलू, राजू जायसवाल, धीरज जयसवाल, योगेंद्र विश्वकर्मा, बलराम आदि रहे।