मृतक की फाइल फोटो व मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरी निस्फ गांव में युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव शुक्रवार की सुबह घर से 400 मीटर दूर नाले में पड़ा मिला। युवक के सिर, हाथ, पैर और कमर पर गहरी चोट मिली है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की छानबीन की जा रही है।
ये है पूरा मामला
युवक की पहचान अमित कुमार सिंह उर्फ राजा (25) पुत्र संगम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमित गुरुवार की रात कुछ सामान लेने नंदू जाटव की गुमटी पर गया था। वहां उसका किसी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर लौट आया। परिजनों के अनुसार अमित आमतौर पर अपनी दादी के साथ नए घर में सोता था, जबकि परिवार के बाकी सदस्य पुराने घर में रहते थे।
ऐसे में रात में न जाने कब अमित कमरे से बाहर निकला और नाले की तरफ चला गया। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। सुबह राहगीरों ने शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद मामले की सूचना पीआरवी पुलिस को दी गई। मौके पर सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी, कोतवाल सतेन्द्र सिंह और चौकी इंचार्ज समेत फोर्स पहुंचे।
सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शंका के आधार पर गांव के कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।