सोनभद्र के महुअरिया गांव में लाश मिलने की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया। अधेड़ बीते पांच दिन से लापता था। परिजनों को उसके माैत की सूचना दे दी गई थी।
UP Crime News: सोनभद्र के विंढमगंज थाना अंतर्गत महुअरिया गांव में रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में पांच दिनों से लापता एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला है। शव से तेज दुर्गंध उठ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि चार-पांच दिन पहले मौत हुई है। पुलिस ने छानबीन में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा गया है।
विज्ञापन
महुअरिया स्टेशन के पश्चिम रेलवे लाइन से सटे मकसूद आलम के खेत में वन तुलसी के झाड़ी की तरफ गए ग्रामीणों की नजर वहां से उठ रहे दुर्गंध की ओर पड़ी। झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा था। सूचना पर विंढमगंज एसओ शेषनाथ पाल मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
शव की पहचान महुली निवासी जगदीश बियार (50) के रूप में हुई। बताते हैं कि वह पांच दिन से लापता था। उसके परिवार में बेटा और बहू हैं। बेटा बाहर रहता है। कुछ ही देर में सीओ प्रदीप सिंह चंदेल भी घटनास्थल पर पहुंचे।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि शव देखने से चार-पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घरवालों को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा।