बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव में दो दिन से लापता किशोरी का शव बुधवार को कुएं में बरामद हुआ। परिजनों की डांट के बाद वह सोमवार को घर से निकली थी। उसके बाद से कहीं पता नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।
चपकी गांव निवासी महेंद्र की पुत्री निर्मला (15) का शव लोगों ने घर से करीब 200 मीटर दूर सरकारी कुएं में देखा। इसकी सूचना परिवार व पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एसआई वीर बहादुर चौधरी ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घरवालों ने बताया कि सोमवार को घरेलू कामकाज को लेकर निर्मला को डांट लगाई गई थी।
इसके कुछ देर बाद ही वह अचानक कहीं चली गई। इसके बाद आसपास सभी स्थानों पर तलाश की गई, मगर उसका कहीं पता नहीं चला। इस बीच बुधवार की सुबह उसका शव मिला। एसओ ने बताया कि डांट से क्षुब्ध होकर कुएं में कूदने की आशंका है। अन्य पहलुओं पर भी छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद सही कारण पता चल पाएगा।