वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित बीना बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार दुकानदार की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना पर कई थानाें की फोर्स मौके पर पहुंच गई। लोग आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और मुआवजे की मांग कर रहे थे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है।
जमशीला गांव निवासी अनुग्रह प्रसाद उर्फ राम भरोसे (53) चना चटपटी की दुकान लगाते थे। सुबह किसी कार्य से साइकिल से बस स्टैंड पर जा रहे थे। इसी बीच शक्तिनगर की ओर से आ रहे तेज रफ़्तार खाली ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से जख्मी रामभरोसे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जमशीला प्रधान प्रतिनिधि कमलेश सिंह उर्फ पप्पू, कोहरौलिया प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुमार, पूर्व प्रधान प्रकाश भारती, शांति देवी, स्थानीय व्यापारियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, ड्यूटी आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि हाईवे पर बेलगाम ट्रक-ट्रेलर राहगीरों को कुचल रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों के बाद भी इस नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। मौके पर पहुंची शक्तिनगर थाना व बीना चौकी पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग उचित मुआवजा व ट्रेलर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। शक्तिनगर थानाध्यक्ष दिनेश प्रकाश पांडेय ने नाराज लोगों समझाने का प्रयास किया। काफी मान मनौवल के बाद समुचित मुआवजा दिलाने और सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। सुबह 11 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया।