सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्हा गांव में 15 बीघे में लगी सरसों की फसल काटकर उठा ले जाने का मामला सामने आया है। वाराणसी में रह रहे अधिवक्ता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कुसुम्हा निवासी सगे भाई आनंद कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, आनंद के पुत्र टिंकू सिंह उर्फ आशीष सिंह, सुनील के बेट विनीत सिंह, प्रतीक कुमार सिंह तथा वैभव सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
अधिवक्ता राजेंश प्रसाद सिंह ने प्रभारी निरीक्षक को सौंपी तहरीर में कहा है कि वह वर्तमान में वाराणसी के फुलवरिया गांव में रह रहा है। उसकी कृषि भूमि कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्हा में लगभग 15 बीघे है। इस जमीन पर उसका, उसके भाई और मां का नाम दर्ज है।
वह इसे बंटाई पर देकर खेती कराता चला आ रहा है। आरोप है कि उसमें इस वर्ष सरसों की फसल बाेई गई थी। जमीन के एक बड़े हिस्से से 25 मार्च 2026 की सुबह जबरिया काटकर ले जाया गया। इसको लेकर पुलिस को जानकारी दी गई।
प्रकरण में पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई हो पाती इससे पहले दो अप्रैल को बचे खेत का भी सरसों काटकर उठा ले जाया गया।
इससे ढाई लाख से अधिक के नुकसान का दावा किया गया है। तहरीर में कहा है जब खेत के देखभाल के लिए नियुक्त व्यक्ति उन्हें रोकने गया तो कुसुम्हा निवासी सगे भाई आनंद कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, आनंद के पुत्र टिंकू सिंह उर्फ आशीष सिंह, सुनील के बेट विनीत सिंह, प्रतीक कुमार सिंह तथा वैभव सिंह उर्फ प्रिंस सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तब तक आरोपी फसल उठाकर ले जा चुके थे। दावा किया गया कि उक्त लोग पूर्व में दूसरों की फसल भी इसी तरह काटकर उठा ले जा चुके हैं। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।