सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय की तरफ से नौ मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम सुलीन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को एडीआर भवन में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में विद्युत निगम एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्युत वादों को अधिक से अधिक संख्या में चिह्नित कर लोक अदालत में सुलह-समझौते के जरिए निस्तारित कराएं। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड रॉबर्ट्सगंज, पिपरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश के क्रम में 18 जुलाई तथा 21 नवंबर को भी न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से एनआई एक्ट की धारा-138 से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। यह जानकारी सिविल जज (सीडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र राहुल ने दी।