मोरवा थाना क्षेत्र के मेढ़ौली के जंगल में तेरह दिन पूर्व संदिग्ध हाल में मिली युवक की लाश का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि युवक की हत्या उसके ही पत्नी के प्रेमी ने सुपारी देकर कराई थी। मामले में वांछित प्रेमी सहित तीन को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने सोमवार की शाम मोरवा थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर इसका खुलासा किया।
बताया कि 26 मई को मेढ़ौली के जंगल में एक अज्ञात लाश सड़े-गले हाल में मिली थी। बाद में इसकी शिनाख्त रामशरण साकेत (30) निवासी बड़ोखर थाना बरगवां के रूप में की गई। पुलिस ने कपड़े एवं अन्य कागजात से मृतक की पहचान की। छानबीन आगे बढ़ी तो पता चला कि राम सरन 20 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने गया था जहां से वहा लापता हो गया था। वह हिण्डाल्को बरगवां से जुड़ी निजी सुरक्षा एजेंसी में कार्य करता था।
जानकारी मिलने के बाद मोरवा थाना के टीआई दिनेश जाटव के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पता चला कि उसकी पत्नी का गांव के ही राममनोज साकेत से कई वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर आए दिन विवाद भी होता रहता था। इसको देखते हुए राममनोज ने रामशरण को रास्ते से हटाने के लिए निर्मल कुर्की निवासी कठास एवं अरविंद भारती चंदुआर शक्तिनगर को एक लाख की सुपारी दी।
एडवांस के रूप में 30 हजार रूपया दिया गया। 20 मई को शादी समारोह से लौटने के दौरान आरोपियों ने रामशरण को बहला फुसलाकर मेढ़ौली के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छोड़ फरार हो गए। आरोपो की पुष्टि के बाद पुलिस राम मनोज साकेत, निवासी ग्राम बगैया, हाल मुकाम एनसीएल कालोनी गोरबी, निर्मम कुर्की, निवासी कठास, अरविंद भारती , चन्दुआर चौकी बीना थाना शक्तिनगर को गिरफ्तार की। साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या के दौरान प्रयोग की गई बाइक मोबाइल, सिम, हत्या में प्रयुक्त डंडा को बरामद कर लिया है।