स्थानीय थाना क्षेत्र के ढुटेर गांव में मंगलवार की दोपहर टेंपो के टक्कर से बाइक सवार अशोक पटवा (45) की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने टेंपो और उसके चालक को पकड़ लिया।
घटना से क्षुब्ध लोगों ने राबर्ट्सगंज-शाहगंज मार्ग जाम कर दिया। लोग मुआवजा की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार दिनेश मिश्रा ने लोगों को आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। वाहन मालिक ने मृतक के परिवार को एक लाख रुपये नकद की मौके ही आर्थिक सहायता दी। तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
शाहगंज बाजार के केवल पटवा का पुत्र अशोक पटवा बाजार में ही दूकान चलाता है। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा करने के लिए संत भगवानानंद पब्लिक स्कूल जा रहा था।
उधर एक मालवाहक टेंपो राबर्ट्सगंज से शाहगंज की ओर सामान लादकर जा रहा था। शाहगंज थाना क्षेत्र के ढुटेर गांव के पास टेंपो अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार को धक्का मार दिया।
इस पर अशोक बाइक से गिर गया और टेंपो का पिछला पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। इससे उसका सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी।
पुलिस ने टेंपो और चालक को पकड़ लिया। इधर घटना की जानकारी होने पर शाहगंज बाजार के लोग भारी संख्या में घटना स्थल पर पहुंच गए और शव को सड़क पर ही रखकर राबर्ट्सगंज-शाहगंज मार्ग पर जाम लगा दिया।
लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। तहसीलदार दिनेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए और लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष, दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
टेंपो मालिक ने एक लाख रुपये नकद मौके पर ही मृतक के परिवार को दिया। तहसीलदार के समझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। करीब तीन घंटे तक जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।