जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती घायल युवक।
मुक्खामोड़ पर गुरुवार को रुपये के लेनदेन में दो युवकों में विवाद हो गया। इसको लेकर देर रात दो पक्ष आमने-सामने हो गए। एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से तीन युवकों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी ने एएसपी की अगुवाई में कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी। रात दो बजे मिर्जापुर रेंज के डीआईजी आरके श्रीवास्तव और एसपी लल्लन सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है। जिला अस्पताल मेें पुलिस की मौजूदगी में घायलों का इलाज चल रहा है। बवाल के मद्देनजर डीएम सीबी सिंह ने घोरावल तहसील क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी।पुलिस के मुताबिक गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे मुक्खामोड़ पर रुपये के लेनदेन को लेकर अनवर और टोनी में विवाद हो गया। अनवर ने टोनी की पिटाई कर दी। रात करीब 10 बजे मुक्खामोड़ पर दोबारा एक पक्ष की ओर से 50-60 लोग जुटे। कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। दूसरे पक्ष से तीन-चार युवक मुक्खामोड़ पर घटना की जानकारी करने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद लोगों में से आठ-दस ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर फोर्स पहुंची तो पिटाई करने वाले भाग निकले।
पुलिस घायल विकास (28), सत्यम (22) और सतीश (35) को सीएचसी ले गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर घायलों की तरफ से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो मामला गरम हो गया। उधर, एसपी के निर्देश पर एएसपी शंभुशरण यादव, सिटी सीओ सच्चिदानंद करमा, शाहगंज, रामपुर बरकोनिया, मांची, जुगैल, हाथीनाला फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। रात साढ़े 11 बजे सदर एसडीएम कैलाश सिंह और घोरावल एसडीएम गिरिजाशंकर भी पहुंच गए। सीओ ने बताया कि मकबूल, अउवा, वारिस, सुभान, सिबल, आरिफ, अनवर, आरजू सभी निवासी घोरावल के विरुद्ध बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।