बभनी। राजकीय इंटर कॉलेज चपकी का परीक्षा केंद्र गुरुकुल इंटर कॉलेज सेवकाडांड में गया है। बृहस्पतिवार को हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा देने गए एक परीक्षार्थी को यह कह कर परीक्षा कक्ष से बाहर कर दिया गया कि तुम्हारा अंग्रेजी का पेपर था। पीड़ित छात्र लालबाबू ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
पुलिस के मुुताबिक लालबाबू पुत्र दिनेश कुमार अनुक्रमांक 2683558 राजकीय इंटर कॉलेज चपकी का संस्थागत छात्र है। इसके प्रवेश पत्र तथा रजिस्ट्रेशन कार्ड पर संस्कृत विषय अंकित है। लालबाबू अपने प्रवेश पत्र के अनुसार संस्कृत की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। लालबाबू का आरोप है कि केंद्राध्यक्ष ने यह कह कर परीक्षा नहीं देने दिया कि जब तक अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से लिखवा कर नहीं लाओगे तब तक परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। जब लालबाबू चपकी विद्यालय पर लिखवाने के लिए गया तो उसे विद्यालय पर ही बैठा दिया गया। इस नाते उसकी परीक्षा छूट गई। उधर गुरुकुल इंटर कालेज के केंद्राध्यक्ष मार्तण्ड देव पांडेय का कहना है कि विषय संशोधन में उसका विषय अंग्रेजी है। वह अंग्रेजी के परीक्षा में अनुपस्थित हो गया है। इस दशा मे उसे संस्कृत की परीक्षा नहीं दिलाया जा सकता। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज चपकी की प्रधानाचार्य सविता जायसवाल का कहना है कि लालबाबू अंग्रेजी का छात्र है। उसके प्रवेश पत्र पर संस्कृत बिषय अंकित हो गया है। इसे संशोधन के लिए भेजा गया था। संशोधन के बाद लिस्ट में उसका अंग्रेजी विषय अंकित हो गया है। जबकि परीक्षार्थी लालबाबू का कहना है कि वह संस्कृत का ही छात्र है। पुलिस का कहना है कि जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।