डाला। पुलिस चौकी क्षेत्र के बारी खनन क्षेत्र के एक क्रशर प्लांट पर मंगलवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडे से मुंशी सुरेंद्र पर हमला बोलकर बाक्स में रखे एक लाख 54 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलते ही सभी थानों की फोर्स बदमाशों की तलाश में जुट गई। लेकिन उनका कहीं अता-पता नहीं चला। एसपी किरीट राठोड ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मातहतों को तत्काल सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।
मूल रूप से हरियाणा और वर्तमान में चोपन के रहने वाले प्रमोद अग्रवाल की बारी में चोपन क्रशर के नाम से प्लांट स्थापित है। यहां पर तैनात कोन थाना क्षेत्र के डोमा गांव निवासी मुंशी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे नकाबपोश तीन बदमाश प्लांट पर पहुंचे। बदमाशों ने उसे लाठी-डंडे से पीटने के साथ ही बाक्स में रखे एक लाख 54 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने प्लांट पर ही दूसरे कमरे में मौजूद कर्मी के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। लुटेरों के जाने के बाद उसने घटना की सूचना प्लांट मालिक को दी। क्रशर मालिक ने पुलिस के अधिकारियों को घटना की सूचना दी हड़कंप मच गया। सभी थानों/पुलिस चौकियों का वायरलेस सेट घनघनाने लगा। रात में ही मौके पर चोपन और डाला पुलिस पहुंच गई। बुधवार को एसपी ने भी क्रशर प्लांट पहुंच कर मालिक और मुंशी से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस मामले में पुलिस ने क्रशर प्लांट मालिक प्रमोद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने कहा कि कुछ संदिग्ध लोगों को चिह्नित कर उनसे पूछताछ की जा रही है। कहा कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।