सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के पकरी गांव में रविवार की रात संदिग्ध हाल में एक किसान के घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी हो गई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के साथ ही पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पकरी निवासी हृदयनारायण सिंह के मुताबिक उनके यहां रात करीब एक बजे छत के रास्ते चोर आंगन में उतरकर मालिकाना वाले कमरे में पहुंचे और आलमारी का लॉक तोड़कर 18 सोने की अंगूठी, एक, हार, पायल और तीन-चार हजार नकद चुरा ले गए। भोर में मामले की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही इंस्पेक्टर सीपी पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कमरे के साथ ही चोरों के आने और जाने के रास्ते का मुआयना किया लेकिन सिर्फ किचन के दरवाजे की टूटी कुंडी और चोरों के आने-जाने का कोई निशान न मिलने का मामला पुलिस को चौंकाए रहा। परिवार वालों का कहना था कि जिस कमरे में वह सो रहे थे। चोरों ने चोरी के वक्त बाहर से उसकी कुंडी चढ़ा दी थी। किसी तरह एक कमरे की कुंडी खुल गई। तब वाकए की जानकारी हुई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।