सोनभद्र (बभनी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप के तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार की रात परसाटोला तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीनों युवक कहीं जाने की फिराक में थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनका शनिवार को चालान कर दिया। इन तीनों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हैै।
शुक्रवार को छात्रा के साथ गैैंगरेप की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई थी। एसपी आरपी सिंह ने सीओ दुद्धी रामलाल और थानाध्यक्ष बभनी को इस मामले में जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। पुलिस ने भागने की फिराक में बभनी थाना क्षेत्र के परसाटोला तिराहे के पास से आरोपी जितेंद्र, संतोष और सलमान निवासी पोखरा को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ धारा 376, 323, 506, 3/4 पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। तीनों का चालान कर दिया गया। उन पर आरोप हैै कि गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे घर से स्कूल जा रही छात्रा से गैंगरेप किया। पीड़ित छात्रा एक निजी विद्यालय में पढ़ने जा रही थी। घर से कुछ दूर पहुंची ही थी कि पहले से घात लगाये तीन युवक पकड़ कर उसे सनई के खेत में ले गये और दो अन्य सहयोगियों की सहायता से एक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़ित छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। घटना की सूचना तत्काल पीड़िता के पिता ने थाने में दी। फिर पिता की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था।