दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में बुधवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर खेत में पलट गया। इससे उसके नीचे दबने से चालक बुद्घन (20) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
दीघुल गांव का ही रहने वाला बुद्घन पुत्र जुम्मन बुधवार की सुबह करीब सात बजे ट्रैक्टर से पुआल लेने के लिए अपने घर से कुछ दूर जा रहा था। ट्रैक्टर बुद्घन की चला रहा था। ट्रैक्टर कुछ दूर पहुंचने के बाद खेत में अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसका चालक बुद्घन ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और उसी के नीचे दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान हरिशंकर यादव ने कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।