अनपरा। ऊर्जांचल परिक्षेत्र में हर दिन हजारों लीटर डीजल चोरी का गोरखधंधा चटख बना हुआ है। यूपी क्षेत्र में स्थित चार एनसीएल परियोजनाओं में हर दिन 10 से 20 हजार लीटर डीजल चोरी की जा रही है। इसमें डिबुलगंज, कौव्वानाला व बासी में चल रहे एक अवैध मिनी पेट्रोल पंप की भूमिका खासी संदिग्ध बताई जा रही है। रात के अंधेरे में चलने वाला यह खेल कई बार सार्वजनिक हो चुका है। जिला पूर्ति महकमा भी इस खेल को सार्वजनिक कर चुका है लेकिन पुलिस और एनसीएल कर्मियों का मिलता संरक्षण डीजल माफियाओं की पौ बारह किए हुए है।
बताते चलें कि एनसीएल की ककरी, बीना, कृष्णशिला, खडिय़ा व दुद्धीचुआ परियोजना से डीजल माफिया प्रतिदिन हजारों लीटर डीजल खदानों में खड़ी मशीनों से निकालकर आसपास के क्षेत्रों में खपा रहे है। सूत्रों की मानें तो डिबुलगंज में डीजल माफिया द्वारा एक मिनी चलित पेट्रोल पंप संचालित किया जा रहा है जहां चोरी का डीजल संग्रहित किया जाता है तथा रात के अंधेरे में उन्हें भाठ क्षेत्र के लोझरा, खजुरा, बियहवा, बेनादह, रणहोर, मिर्चाधुरी, डैनिया आदि स्थानों पर चलने वाले ट्रैक्टर, डीजल मशीन, आटा चक्की सहित रेलवे में काम करने आई संविदा कंपनियों में भी सप्लाई की जा रही है।
अनपरा। डीजल के इस खेल में तीन ग्रुप काम कर रहा है। पहला ग्रुप खदानों से डीजल की चोरी करता है। दूसरा इसे सुरक्षा कर्मियों से मिलकर खदान से बाहर निकालता है जबकि तीसरा इसे बेचने का कार्य करता है। यह खेल बदस्तूर कई वर्षों से जारी है। बेरोजगारी बढ़ने के साथ ही इस खेल मे कई नौजवान शामिल हो रहे हैं जिससे गैंगवार की स्थिति भी उत्पन्न हो जा रही है। प्रशासन व सुरक्षा कर्मचारियों की मिली भगत से धंधा फलफूल रहा है। लोगों ने नवागत पुलिस अधीक्षक से ध्यान आकृष्ट कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अनपरा। ऊर्जाचल परिक्षेत्र में अनपरा से शक्तिनगर तक सीकेडी सिंडीकेट कोयला, कबाड़ और डीजल चोरी का गिरोह की जड़ें जमी हुई हैं। 2015 के चुनाव में इस सिंडीकेट के आगे तत्कालीन सत्ता पक्ष के एक कद्दावर नेता को मुंह की खानी पड़ी थी। थानाध्यक्षों की तैनाती में भी इस सिंडीकेट की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में इस सिंडीकेट पर कभी अंकुश लग पाएगा या यह खेल यूं ही चलता रहेगा इसको लेकर चचार्ओं का बाजार गर्म है।
इस संबंध में पिपरी के क्षेत्राधिकारी राहुल मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।