सोनभद्र (सलखन)। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी में गुरुवार की रात हाइवा से कुचल कर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक मारकुंडी घाटी में वाहन खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाने के साथ ही धीरज (26) के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार रात करीब दस बजे राबर्ट्सगंज की तरफ से सलखन गांव निवासी धीरज यादव (26), कमलेश यादव (27) रात तकरीबन दस बजे बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे। अभी बाइक सवार मारकुंडी मेें करगरा मोड़ के समीप पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहा एक हाइवा ट्रक को ओवरेटेक करने के चक्कर मेें बाइक मेें टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। हादसे में हाइवा के चक्के से कुचल कर धीरज की मौत हो गई, जबकि दाहिने तरफ गिरने से कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों और राहगीरों ने एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। बताया कि मारकुंडी घाटी से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।