घोरावल। पुलिस ने नगर के दलित बस्ती में पट्टीदारों में हुई मारपीट के मामले में शुक्रवार देर शाम चार महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मकान निर्माण व जमीन संबंधित इस विवाद में हुई मारपीट में चार महिलाएं घायल हो गई थी।
घोरावल कस्बा के वार्ड नंबर दो निवासी बिफनी देवी (60) पत्नी श्यामलाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मकान निर्माण को लेकर उसके पट्टीदार रामलाल व उसके परिजनों से शुक्रवार सुबह उसका विवाद हो गया। इस विवाद में रामलाल व उसके परिजनों ने उसे और उसकी बहू मालती देवी (35) के साथ मारपीट की, जिससे वे दोनों घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से कुमारी कविता (18) पुत्री रामलाल ने तहरीर देकर बताया कि पारिवारिक विवाद व जमीन संबंधित विवाद को लेकर उसके व उसकी बहन अंजलि (16) के साथ उसके पट्टीदार कलजुग व उसके परिजनों ने मारपीट की, जिसमें वे दोनों घायल हो गईं। सभी घायलों का पुलिस ने सीएचसी में उपचार कराया। बिफनी देवी की तहरीर पर रामलाल, अजय, संजय, संगीता के खिलाफ, जबकि कुमारी कविता की तहरीर पर कलजुग, मालती, बिफनी व सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।