सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के अमौली गांव के बाउली में रविवार को एक अज्ञात किशोरी का शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सहयोग से पुलिस ने शव को बाहर निकाला। इस दौरान आसपास के कई गांवों के ग्रामीण शव की शिनाख्त करने पहुंचे, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। जिला अस्पताल के मर्चरी में शव रखा गया है। चौकीदार की तहरीर पर शव मिलने की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मृतका के घरवालों का पता लगाने में जुटी है।
सुबह करीब सात बजे कुछ ग्रामीणों ने बाउली मेें किशोरी का शव उतराता देख शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। किशोरी सफेद कलर की शूट और लैगी पहनी हुई थी। शव को देखने से लग रहा था कि 24 घंटे पूर्व की है। बहुआर, भड़रा, मुठेर समेत कई गांवों के ग्रामीणों ने शव को देखा, लेकिन उसकी पहचान नहीं हुई। चर्चा रही कि कहीं अन्यत्र किशोरी की हत्या कर बाउली में शव को फेंक दिया गया है। सिटी सीओ अभिषेक सिंह ने कहा कि मर्चरी में किशोरी का 72 घंटे तक शव रखा जाएगा। अस्पताल में भी कुछ लोग शव की पहचान करने के लिए गए थे, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है।