कांगड़ा बाईपास पर खाई में गिरने से बुजुर्ग की मौत
बेटी के घर आया था दाड़ी निवासी 80 वर्षीय व्यक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। कांगड़ा बाईपास पर रविवार सांय पुली पर बैठे एक वृद्ध की खाई में गिरने से पर मौत हो गई। मौके पर खड़े लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग के सहयोग से करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरे बुजुर्ग को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद उसे टांडा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएचओ मेहर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान प्रताप चंद (80) निवासी दाड़ी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वृद्ध व्यक्ति पुराना कांगड़ा में अपनी बेटी के पास आया था। मृतक प्रताप चंद के शव को कब्जे में लेकर टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।