सोनभद्र। अब विवेचकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विवेचना को पूर्ण करना होगा। पुलिस महकमा एक ऐसा साफ्टवेयर तैयार कर रहा है, जिसमें घटना के अनुसार विवेचना की तिथि तय होगी। विवेचकों को 24 घंटे के भीतर एनसीआर की जांच कर रिपोर्ट देना होगा। चोरी, छिनैती के लिए दो महीने तथा हत्या, लूट व दुराचार जैसी संगीन धाराओं की घटना के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा। यह तिथि समाप्त होते ही कंप्यूटर अपने आप बताने लगेगा। निर्धारित समयसीमा के भीतर विवेचना पूर्ण न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाह विवेचक शिकायतों के निस्तारण में लेटतलीफी कर रहे हैं। विवेचकों को 24 घंटे के भीतर एनसीआर की जांच कर थाना प्रभारी के रिपोर्ट देने का निर्देश है। इसके अलावा दो माह में चोरी, नकबजनी, छिनैती, मारपीट, धोखाधड़ी, गबन एवं तीन माह में हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, दुराचार जैसी संगीन धाराओं की घटनाओं का विवेचना पूर्ण करना है, लेकिन कई विवेचक समयसीमा के भीतर विवेचनाओं को पूर्ण नहीं कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने कहा कि जल्द ही साफ्टवेयर में दर्ज होने वाले मुकदमों को लोड करने की व्यवस्था शुरू होगी। साफ्टवेयर में कौन मुकदमा कब और कौन विवेचना कर रहा है का विवरण लोड होगा। निर्धारित समयसीमा के भीतर जो विवेचना पूरी नहीं हुई रहेगी उसे साफ्टवेयर बताने लगेगा। कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर विवेचना पूर्ण न करने वाले विवेचकों को लापरवाह मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।