बीजपुर। रिहंद परियोजना आवासीय परिसर स्थित गेट पर हेलमेट जांच को लेकर शुक्रवार की सुबह सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों में नोंकझोंक हो गई। विवाद के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शिकायत पुलिस तक पहुंची तो मामला शांत हो गया।
बता दें कि शुक्रवार की सुबह अभिभावक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे थे। इसी बीच आवासीय परिसर गेट पर हेलमेट जांच के बहाने लोगों को रोका जाने लगा। अभिभावकों ने बताया कि जांच कर रहे लोगों के वाहनों को रोक कर वाहनों के कागजात तो मांगे ही गए बल्कि बाइक पर बैठे एक से ज्यादा बच्चों को उतरवा भी दिया गया। जिससे अभिभावकों में आक्रोश फैल गया। दोनों पक्षों में जारी जद्दोजहद के बीच मामला थाने पहुंच गया। पुलिस मामले पर कुछ कार्रवाई करती कि वाहनों की जांच करने वाले परियोजना कर्मी मौके से फरार हो गए और सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों ने बच्चों को विद्यालयों में जाने की अनुमति प्रदान की। इस संबंध में एनटीपीसी रिहंद के पीआरओ अजय सिंह का कहना है कि आवासीय परिसर में आये दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए हेलमेट अनिवार्य किया गया है। हालांकि उत्पीड़न का आरोप बेबुनियाद है।