म्योरपुर (सोनभद्र)। वन रेंज के काचन जंगल में बुधवार को अवैध कटान के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे अवैध कटानकर्ताओं में हड़कंप मचा रहा। पकड़े गए आरोपी का पूछताछ के बाद विभिन्न धाराओं में चालान कर दिया गया।
म्योरपुर वन रेंज के काचन गांव में मंगलवार की रात सागौन का एक विशालकाय पेड़ अवैध तरीके से काट दिया गया। वन क्षेत्र में पेड़ कटे होने की सूचना पर वन कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। वन विभाग के प्रभारी रेंजर दिनेश कुमार की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने गांव में छापा मारा। इस दौरान अवैध कटान में लिप्त हीरा सिंह निवासी काचन को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से बेशकीमती सागौन के पांच बोटे बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी का वन अधिनियम की धारा और पेड़ पर लगे घोसले नष्ट करने के आरोप में चालान कर दिया गया।