थाना क्षेत्र के डगडउवा टोला गांव में खंभे पर चढ़कर तार जोड़ते समय बिजली आपूर्ति बहाल होने से करेंट लगने के बाद युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को चार लोगों के खिलाफ नामजद और विद्युत विभाग के अज्ञात अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बभनी के डगडउवा टोला में दो दिन पूर्व विद्युत तार टूट गया था। विद्युत विभाग में संविदा के रूप में कार्य करने वाला एक कर्मचारी गांव के ही एक व्यक्ति की मदद लेकर खंभे पर चढ़कर तार जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसके पूर्व उसने सब स्टेशन से शट डाउन लिया था। जब वह खंभे पर तार जोड़ने का प्रयास कर रहा था उसी दौरान किसी ने बिजली चालू कर दी थी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया था। हादसे में डगडउवाटोला निवासी शिव शंकर पुत्र राम सिंह गंभीर रूप से झुलसा था। उसे परिवार वालों ने सीएचसी में भर्ती कराया था, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से भी उसे वाराणसी रिफर किया गया था। वाराणसी में उपचार के दौरान उसने सोमवार को दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता राम सिंह की तहरीर पर मंगलवार को रामदेव, सुनील, धनपत, मनोज तथा अन्य विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।