अल्मोड़ा। प्राचीन विष्णु मंदिर के बाबा त्रिभुवन चैतन्यपुरी उर्फ 1008 स्वामी परमानंदपुरी की हत्या मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अलावा पुलिस द्वारा मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और संदिग्धों से भी पूछताछ की जा चुकी है। परिजनों द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के बाद से पुलिस मामले में पूरी तफ्तीश करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रत्येक दृष्टिकोण से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। लमगड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोल गांव के निकट प्राचीन विष्णु मंदिर के बाबा त्रिभुवन चैतन्यपुरी उर्फ 1008 स्वामी परमानंदपुरी (मूल नाम भुवन चंद्र फुलारा) की बीते 29 सितंबर को हत्या कर दी गई थी।
इस दौरान पुलिस द्वारा पूछताछ करने के बाद डोल गांव निवासी नंदन सिंह (38) पुत्र अमर सिंह ने विगत दिवस विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद से पुलिस बाबा की मौत मामले की बहुत सघनता से जांच कर रही है।