सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम एक सिरफिरे युवक ने शादी करने से इंकार करने पर एक युवती की पिटाई कर दी। युवती की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
शाम करीब साढ़े पांच बजे एक युवती अपने घर से किसी काम से पड़ोस में जाने के लिए निकली थी। रास्ते में युवती को उसी के गांव का रहने वाला युवक रोक कर शादी करने के लिए दबाव डालने लगा। युवती ने शादी करने से इंकार किया तो युवक उसके साथ मारपीट करने लगा। आसपास के लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो युवक धमकी देते हुए फरार हो गया। युवती को लेकर उसके घरवाले कोतवाली पहुंची। यहां पर युवती ने पुलिस को आपबीती सुनाई। युवती के गले, हाथ और शरीर के अन्य जगहों पर खून बह रहे थे। युवती ने बताया कि आरोपी युवक शादीशुदा है और उसे दो बच्चे हैं। फिर भी वह उससे शादी करने के लिए जिद कर रहा है। मना करने पर उसने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक की खोजबीन की जा रही है।