सोनभद्र (ओबरा)। थाना क्षेत्र के अरंगी उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवधबली सिंह के जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने इस मामले में आरोपी शिक्षक मनीष श्रीवास्तव, श्वेता गुप्ता और हेमलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल सुनील सिंह के बारे में शासन को अवगत कराया है।
बता दें कि अरंगी के प्रधानाध्यापक अवधबली सिंह ने तीन दिन पूर्व जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आत्महत्या से पूर्व सूसाइड नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने एक शिक्षिका पर चारित्रिक हनन का आरोप लगाते हुए एक बीईओ समेत दो अन्य शिक्षकों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। इस मामले में मृतक के पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल (पूर्व में चोपन) सुनील सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच अभी चल रही है। शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरख नाथ पटेल ने इस मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी शिक्षक मनीष श्रीवस्तव, श्वेता गुप्ता व हेमलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल सुनील सिंह के मामले को लेकर शासन को पूरी जानकरी भेज दिया गया है। मृतक अवधबली सिंह के पास से मिले सुसाइड नोट में तीनों शिक्षको सहित घोरावल के बीईओ पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मृतक अवधबली सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने ओबरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराई है।
मोबाइल का रिकार्ड खोलेगा शिक्षक की मौत का राज