अनपरा। एनसीएल के खदान क्षेत्रों में कबाड़ चोरों की आये दिन हो रही घटनाओं से सुरक्षा कर्मियों में दहशत का माहौल है। सोमवार की रात्रि जयंत खदान क्षेत्र में ड्यूटी में तैनात एक सुरक्षा कर्मी को कबाड़ चोरों ने मारकर घायल कर दिया। जिसका इलाज नेहरू चिकित्सालय में किया जा रहा है।
जयंत खदान में सोमवार की रात्रि सावेल के पास ड्यूटी कर रहे सुरक्षा कर्मी रामजी यादव ने जब कबाड़ चोरों को चोरी करने से रोका, तो उन्होंने उन पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। जिससे रामजी यादव गंभीर रूप से घायल हो गये। आसपास के सुरक्षा कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो कबाड़ चोर भाग गये। सुरक्षा कर्मियों ने आनन-फानन में रामजी यादव को नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। आये दिन सुरक्षा कर्मियों पर कबाड़ चोरों द्वारा किये जा रहे हमले से सुरक्षा कर्मियों मे भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि परियोजना प्रबंधन व पुलिस की उदासीनता के कारण आये दिन हौसला बुलंद कबाड़ चोर चोरी के साथ सुरक्षा कर्मियों से मारपीट कर रहे हैं। ठोस कार्रवाई नहीं होने से कबाड़ चोरों का दुस्साहस बढ़ता ही जा रहा है।