सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी गांव के समीप राजमार्ग पर मंगलवार को अनियंत्रित होकर सवारियों से भरी ऑटो पुलिया से टकरा गया। इस हादसे में कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाते हुए सांकेतिक चक्काजाम कर दिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर फोर्स पहुंच गई। हालांकि पुलिस को देखते ही जाम करने वाले चले गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे हिंदुआरी में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सवारियों से भरी आटो पुलिया से टकरा गया। दुर्घटना में आटो में सवार चार महिला समेत आठ घायल हो गए। ऑटो मधुपुर की तरफ से राबर्ट्सगंज की ओर जा रहा था। हादसे के बाद चालक घायलों को तड़पड़ता छोड़ कर भाग निकला। नाराज कुछ ग्रामीणों ने घायलों को किनारे कर पुलिस को सूचना देने के साथ ही एक तरफ मार्ग पर खड़े होकर आवागमन रोक दिया। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ इंस्पेटर महेंद्र पांडेय और एसएसआई शमशेर यादव पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले सड़क से लोग हट गए थे और आवागमन शुरू हो गया था। ग्रामीणों ने मधुपुर निवासी घायल अविनाश (15), प्रतिमा (21), पूनम (40), कोरकारी निवासी अंश (20), नौगढ़वा निवासी सुदामी देवी (50), कुसाही निवासी श्रीराम (65), पतेरी निवासी मंगला देवी (50) और कम्हरिया की रहने वाले लालचंद्र (29) को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सुदामी देवी की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।