बागेश्वर। बैंक मैनेजर बनकर खाताधारक के रुपये उड़ाने वाले ठगों पर साइबर क्राइम सेल ने शिकंजा कसा है। सेल ने खाताधारक की उड़ाई 49,939 की रकम में से 23,642 रुपये वापस दिलाए हैं।
पुलिस के मुताबिक नारायण राम पुत्र स्व. किशन राम निवासी कफलखेत ने 18 अप्रैल को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक में है। 17 अप्रैल को उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई बागेश्वर शाखा का प्रबंधक बताते हुए एटीएम कार्ड का पिन पूछा। झांसे में आकर उसने अपना एकाउंट नंबर बता दिया।
बाद में कॉल करने वाले ने उसके खाते से 49,939 रुपये उड़ा दिए। मुकदमे की जांच के बाद पुलिस साइबर क्राइम करने वाले का सुराग लगाने में सफल रही। साइबर सेल ने पीड़ित के खाते में 23,642 रुपये वापस कराए। साइबर सेल टीम में एसआई पंकज जोशी, हेमचंद्र मठपाल, चंदन राम शामिल थे।