ओबरा। जिले में मानक के विपरीत चल रहे क्रशर प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। तीसरे दिन शुक्रवार को ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में चल रहे डिप्टी कलेक्टर सुशील यादव की अगुवाई में टीम ने क्रशर प्लांटों की जांच की। इस दौरान मानक के विपरित चल रहे छह प्लांटों को सील कर दिया गया।
बताते चलें कि मानक के विपरीत चल रहे क्रशर प्लांटों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी गई है। शुक्रवार को सुबह नौ बजे से ओबरा थाना क्षेत्र के क्रशर प्लांटों पर टीम ने छापेमारी शुरू की। हालांकि इसकी भनक लगते ही अधिकांश क्रशर प्लांटों को बंद कर उनके संचालक और कर्मचारी फरार हो गए। डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि जांच के दौरान मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे मेसर्स जेएमबी इंटरप्राइजेज बघमनवा बिल्ली ओबरा, मेसर्स शुभम स्टोन एंड कंपनी बिल्ली ओबरा, मेसर्स शारादह स्टोन वर्क्स, मेसर्स शारादह स्टोन वर्क्स(यूनिट-2), मेसर्स जय माँ चित्तपुर्ण स्टोन वर्क्स बिल्ली, मेसर्स अंकिता इंटरप्राइजेज को सील कर दिया गया। कहा कि पर्यावरण के मानकों को दरकिनार कर चलने वाले सभी क्रशर प्लांटों को सील करते हुए उनके संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक वैज्ञानिक डॉ. एससी शुक्ला, अवर अभियंता शिव बहाल आदि मौजूद रहे।