सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के जैत गांव में शनिवार को सोलर लाइट देने के नाम पर कई लोगों से 200-200 रुपये लेने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने चार युवकों को बंधक बना लिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत कराया। इसके बाद युवकों को मुक्त करा कर उन्हें कोतवाली ले गई। हिरासत में लिए गए सभी युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जैत गांव में दोपहर करीब 12 बजे चार युवक पहुंचे। उन्होंने बताया सरकार की तरफ से जरूरतमंदों को मुफ्त में सोलर लाइट दी जाएगी। लाइट लेने के लिए 200-200 रुपये देकर फार्म भरना होगा। उनकी बातों में आकर कई ग्रामीणों ने रुपये देकर फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान युवकों ने ग्रामीणों से पैन कार्ड और आधार कार्ड नंबर मांगने लगे। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि सोलर लाइट लेने के लिए पैन कार्ड अथवा आधार कार्ड नंबर की क्या जरूरत है ? तो वे गोल मटोल जवाब देने लगे। इस पर ग्रामीणों ने एतराज जताना शुरू किया तो युवक भागने की फिराक में हो गए। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना कर सौ नंबर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीआरवी के जवानों ने कोतवाल सीपी पांडेय को मामले से अवगत कराया। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे दारोगा रामकृत राम ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और करीब पौन घंटे तक बंधक रहे युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। उधर, युवकों का कहना था कि सोलर लाइट लगाने के लिए नामित एक कंपनी के अधिकारियों के कहने पर वे लोग फार्म भरवाने गए थे। ग्रामीणों द्वारा रुपये लेने का लगाया गया आरोप निराधार है। सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि कोतवाल को हिरासत में लिए गए युवकों के बारे में जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।