सोनभद्र (शक्तिनगर)। शुक्रवार सुबह पुलिस ने चोरी के माल व कट्टा के साथ संगठित रूप से चोरी की घटनाओं का अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए लोगों से मिले सुराग के आधार पर और खुलासे हो सकते।
बुधवार की रात इलाके के बस स्टैंड क्षेत्र में खड़े लंबे माल वाहक टेलर से चोरों ने तीन टायर के साथ बैटरी व एअर पाइप सहित कई कीमती सामनों पर हाथ साफ कर दिए। घटना के बाद वाराणसी के रहने वाले वाहन स्वामी क्रांति कुमार ने थाने में तहरीर दिया। इसके बाद पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया। शुक्रवार भोर में जानकारी मिली की चोर अंबेडकर नगर इलाके में है। इसी जानकारी के बाद थानाध्यक्ष भारत भूषण तिवारी की अगुवाई में पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के सभी सामानों के साथ आरोपी सुनील कुमार निवासी मिर्चाधूरी, अब्दुल कलाम निवासी मिर्जापुर, मनोज कुमार सुहिरा मध्य प्रदेश के साथ अंबेडकर नगर के रहने वाले लालबहादुर यादव को गिरफ्तार कर लिया। सुनील व अब्दुल के पास से कट्टा भी पुलिस ने बरामद किया है।