सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के बीज व्यवसायी राजेश मौर्य की हुई मौत के मामले में पुलिस ने ससुर समेत पांच के खिलाफ हत्या समेत अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर किया है। यह कार्रवाई मृतक के पिता कमला की तहरीर पर हुई । मंगलवार को जम्मू-कश्मीर से मृत व्यापारी की मां कमलावती अपने घर पहुंची तो उन्हें पता चला कि उनका बेटा इस दुनिया में नहीं रहा। बेटे के पास बिलख रही मां रह-रह कर अचेत हो जा रही थी। शाम को घरवाले शव को वाराणसी लेकर रवाना हुए।
सोमवार की रात राबर्ट्सगंज के उत्तर मोहाल निवासी बीज के थोक कारोबारी कमला के इकलौते पुत्र राजेश की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी अर्चना ने पुलिस को अवगत कराया कि कर्ज होने से उसके पति ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि मृतक के पिता ने कुछ लोगों के खिलाफ जहर देकर बेटे की हत्या करने की तहरीर दी। उनका कहना था कि बेटे की हत्या उनकी संपत्ति हड़पने के लिए की गई है। सोमवार को जिला अस्पताल में पुलिस ने तीन डॉक्टरों से शव का पीएम कराने के बाद घरवालों को सुपुर्द कर दिया। लेकिन दाह संस्कार इसलिए नहीं किया गया कि मृतक की मां अपनी बेटी और दामाद के साथ जम्मू-कश्मीर गई थी। वहां से मंगलवार की दोपहर बाद राजेश की मां कमलावती घर लौटी। वहीं सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि कमला की तहरीर पर राजेश के ससुर अमरेंद्र मौर्य, उसके बेटे मनोज मौर्य, चचिया ससुर सत्येंद्र मौर्य, उसके बेटे और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।