सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बुड़हर गांव के समीप शुक्रवार को ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करने वाले महबूब अली से 1.35 लाख हुए लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस हवा में हाथ पांव मार रही है। पीड़ित महबूब की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया। दूूसरे दिन शनिवार को पुलिस लुटेरों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की।
राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल निवासी महबूब अली हिंदुआरी गांव में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते है। शाम चार बजे केेंद्र बंद कर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बुड़हर गांव के समीप पीछे से बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर महबूब को रोक लिया। इसके बाद एक युवक ने चाकू और दूसरे ने कट्टा दिखाकर उसका बैग छिन लिया। युवकों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए राबर्ट्सगंज की ओर भाग निकले। कुछ देर बाद पीड़ित ने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर एएसपी डॉ. अवधेश सिंह, अरुण कुमार दीक्षित, सीओ विवेकानंद तिवारी, स्वाट टीम प्रभारी वीके सिंह, कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुुंच कर जांच शुरू कर दी। एसपी आरपी सिंह के निर्देश पर पूरे जिले में वाहनों की जांच शुरू हो गई। लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। महबूब के मुताबिक लुटेरे बैग में रखा एक लाख 35 हजार, लैपटाप, ग्राहकों के कागजात, मोबाइल ले गए। सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि लूट के संबंध में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही लुटेरों को पकड़ कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।