हास्पिटल रोड पर दो दिन पूर्व शाम सात बजे हुई बाइक चोरी की घटना के बाद पुलिस ने बुधवार को चोरी की दो बाइक बरामद करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद गुरुवार को सभी का चालान कर दिया गया।
सोमवार की शाम आशीष जायसवाल की बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद मौके का सीसीटीवी फुटेज लिया था। इसके बाद पड़ताल शुरू कर दी थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि चोरी गई बाइक के साथ एक और चोरी की बाइक को बेचने के लिए कुछ चोर थाना क्षेत्र के रेड़िया गांव के समीप मोड़ पर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां दो बाइक के साथ मौजूद पांच युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी के बाद पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पकड़े गए राजेश यादव, बृजेश यादव, शिवबाबू, मोहम्मद शफीक और उमेश यादव निवासी खैरटिया थाना ओबरा के हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने गत तीस जून को सिंदुरिया गांव में पेट्रोल पंप के पास से एक बाइक और गत सोमवार की शाम हास्पिटल रोड से चोरी हुई बाइक में संलिप्तता कबूल की। पुलिस के मुताबिक पांचों आरोपी नाटकीय ढंग से घटना को अंजाम देते हैं। बताया कि पूछताछ में कई और जानकारियां मिली हैं, जिसको लेकर छानबीन जारी है।